आईपीएल 2024 (IPL 2024) में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद, लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) अपने कप्तान KL RAHUL से राहें जुदा कर सकती है। तीन सीजन से राहुल टीम के कप्तान रहे हैं, लेकिन इस बार टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच पाई। राहुल का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा, जिसके चलते फ्रेंचाइजी उन्हें रिटेन करने पर दोबारा विचार कर रही है।

LSG के लिए KL RAHUL का प्रदर्शन बना चिंता का कारण

रिपोर्ट्स के अनुसार, लखनऊ फ्रेंचाइजी ने KL RAHUL के प्रदर्शन पर गंभीर चर्चा की है। 2022 में राहुल ने 135.38 के स्ट्राइक रेट से 616 रन बनाए थे, लेकिन बाद के सीजन्स में उनकी फॉर्म में गिरावट आई। 2023 सीजन में चोटिल होने के बाद उनकी लय और बिगड़ गई थी। 2024 सीजन में हालांकि उन्होंने 136.13 के स्ट्राइक रेट से 520 रन बनाए, लेकिन प्लेऑफ में टीम को जगह दिलाने में नाकाम रहे। KL RAHUL के स्ट्राइक रेट और प्रदर्शन में आई गिरावट उनके भविष्य पर सवाल खड़े कर रही है।

कुछ सूत्रों के अनुसार, केएल राहुल (KL RAHUL) को रिलीज करने के बावजूद अटकलें हैं कि लखनऊ फ्रेंचाइजी नीलामी में फिर से उनके लिए बोली लगा सकती है, हालांकि यह एक अधिक संतुलित कीमत पर हो सकता है। अभी तक रिटेन या रिलीज करने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, और सभी फ्रेंचाइजियों के पास इस पर निर्णय लेने के लिए 31 अक्टूबर तक का समय है।

मयंक यादव, बिश्नोई और पूरन हो सकते हैं रिटेन

लखनऊ फ्रेंचाइजी के सूत्रों के अनुसार, तेज गेंदबाज मयंक यादव (MAYANK YADAV), लेग स्पिनर रवि बिश्नोई (RAVI BISHNOI) और विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन (NICHOLAS POORAN) को रिटेन करने की संभावना है।

मयंक यादव ने इस सीजन अपनी गति से प्रभावित किया, हालांकि चोटिल होने के कारण वह ज्यादा मैच नहीं खेल सके। मयंक ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के लिए टी20 में डेब्यू किया था, और माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी उन्हें 11 से 14 करोड़ रुपये की कीमत में रिटेन कर सकती है।

रवि बिश्नोई (RAVI BISHNOI) ने 2024 सीजन में 14 मैचों में 10 विकेट झटके थे, और उन्हें भी अच्छी कीमत पर रिटेन किया जा सकता है। वहीं, निकोलस पूरन ने मध्य क्रम में अहम भूमिका निभाते हुए बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है, जिसके चलते उन्हें भी टीम में बनाए रखने की संभावना है।

ALSO READ : भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार ने WTC फाइनल के लिए बढ़ाई मुसीबतें, जानिए WTC अंक तालिका कितनी बदली